अलीगढ़।
कोरोना एक बहुत बड़े अवसर के रूप में हमारे सामने आया है। हम भले ही टॉप टेन में आ गए हैं, लेकिन इतनी बड़ी आबादी और कमजोर सुविधा के बाद भी हम अभी पहले नंबर पर नहीं है, यह हमारे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। यह बात हिन्दुस्तान अखबार के प्रधान संपादक शशि शेखर ने रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक के तत्वावधान में हुए डिस्ट्रिक इंटरसिटी वेबिनार के दौरान कही। इस वेबिनार में देश भर से रोटरी क्लब के सदस्य शामिल हुए।
बदलती दुनिया में भारत और आपकी भूमिका बिंदु पर यह वेबिनार हुआ। इसमें रोटरी क्लब आगरा, रोटरी क्लब आगरा, रोटरी क्लब आगरा ताज सिटी, रोटरी क्लब आगरा नार्थ ईस्ट, रोटरी क्लब आगरा विशाल समेत विभिन्न रोटरी क्लब से जुड़े सदस्य शामिल हुए। वेबिनार में संबोधित करते हुए हिन्दुस्तान के प्रधान संपादक शशि शेखर ने कहा कि यह समय ऐसा आ गया है, जब हिन्दुस्तान को अपनी बारी का इंतजार किए बिना आगे बढ़ना चाहिए। जो लोग गांवों में लौटे हैं, वह दूसरी हरित क्रांति को वापस लेकर आए। क्योंकि अब देश में हरित क्रांति की जरूरत महसूस होने लगी है। आज हमारे पास अन्न के भरपूर भंडार हैं, अगर हम फिर से कृषि को और मजबूत करेंगे तो दुनिया को अपनी जरूरत महसूस करा सकेंगे। इस वेबिनार में अलीगढ़ से चेतन पांडेय, तरुण सक्सेना, दिव्या लहरी, मधुप लहरी, प्रह्लाद अग्रवाल समेत विभिन्न रोटेरियन शामिल हुए।
भारत और चीन के बीच नहीं होगा युद्ध
वेबिनार में संबोधित करते हुए शशिशेखर ने कहा कि भारत और चीन के बीच युद्ध नहीं होगा। हिमालय के जिस हिस्से के लिए विवाद है, वह दोनों देशों के किसी काम का नहीं है। उन्होंने कहा कि 1968 के बाद भारत व चीन के बीच एक गोली भी नहीं चली है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि खतरा नहीं है। लेकिन भारत आज हाथी के समान है और 1962 व 2020 के भारत में बहुत बड़ा फर्क है।
देशवासी खुद में भारतीय चरित्र का निर्माण करें
हिन्दुस्तान के प्रधान संपादक शशि शेखर ने कहा कि देशवासियों को भारतीय जिजिविषा और भारतीय चरित्र का निर्माण करना होगा। अगर हम सब यह करने में सफल होते हैं तो आने वाला दशक भारत का ही होगा। इसके साथ उन्होंने देश दुनिया की विभिन्न भूत व भविष्य की घटनाओं से जुड़ी जानकारियां वेबिनार में दी।