विशेष संवाददाता। 9 अप्रैल 2019
17वीं लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। अब तक हुए चुनाव में जीतकर दर्ज कराकर संसद पहुंचने वालों में आधी आबादी भी पीछे नहीं रही है। जी हां, अलीगढ़ लोकसभा सीट पर रिकार्ड सात बार नारी शक्ति का कब्जा रहा है। जिसमें लगातार चार बार भाजपा से चुनाव जीतने का श्रेय भी महिला सांसद शीला गौतम को जाता है।
चार बार भाजपा के टिकट पर शीला गौतम पहुंची थी संसद
आजादी के बाद हुए लोकसभा चुनाव में नारी सशक्तिकरण की शुरुआत जब हो गई थी। जब कांग्रेस पार्टी में इंदिरा गांधी सबसे पहले लालबहादुर शास्त्री मंत्रिमंडल में सूचना एवं प्रसारण मंत्री बनीं। वहीं 1966 में वे देश के सबसे शक्तिशाली पद प्रधानमंत्री पर आसीन हुईं। वहीं अलीगढ़ लोकसभा सीट पर 1980 में हुए लोकसभा चुनाव में पहली बार महिला प्रत्याशी इंद्रा कुमारी ने जीत का परचम फहराया था। इस चुनाव में 26 प्रत्याशियों में से चार महिलाएं थीं। इसके बाद 1984 के लोकसभा चुनाव में ऊषा रानी जीत दर्ज कराकर संसद पहुंची थीं। इस चुनाव में 20 प्रत्याशियों में तीन महिला प्रत्याशी थीं। आधी आबादी की जीत का सिलसिला यही नहीं समाप्त हुआ। बल्कि रिकार्ड 1991 से 1999 तक लगातार भाजपा से शीला गौतम ने जीत दर्ज कराई थी। वहीं 2009 में बसपा से राजकुमारी चौहान जीती थीं।