संयुक्त मोर्चा टीम। अलीगढ़
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने गए नगर निगम के पथ प्रकाश विभाग के कर्मचारियों के साथ शुक्रवार को सभासद पति ने मारपीट कर डाली। जिसके बाद नगर निगम कर्मचारी कल्याण संघ के तले कर्मचारियों ने थाना सिविल लाइन का घेराव किया। आरोपी सभासद के पति के खिलाफ तहरीर दी है। घटना के विरोध में शनिवार को नगर निगम कर्मचारी काम बंद रखेंगे। दूसरी ओर आरोपी की पार्षद पत्नी की ओर से भी कर्मचारियों के खिलाफ अभद्रता करने के आरोप में तहरीर दी गई है।
नगर निगम के कर्मचारी श्यामवीर, पंकज, जावेद और जीशान की ओर से थाना सिविल लाइन में दी गई तहरीर में कहा है कि शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे नगर निगम के पथ प्रकाश विभाग के कर्मचारी वार्ड संख्या 66 में स्ट्रीट लाइट सही करने गया था। पंकज, जावेद और हाड्रोलिक गाड़ी चालक श्यामवीर और जीशन के साथ काम कर रहे थे। इसी बीच वार्ड संख्या 61 के पार्षद के पति आए और कहने लगे कि उनके इलाके की लाइट सही करो।
उन्हें बताया गया कि हम तो रोस्टर के मुताबिक काम कर रहे हैं। कल उनके वार्ड का नंबर है, लेकिन आरोपी अभी लाइट सही करने की मांग करने लगे। इनकार करने पर वह आक्रामक हो गए और समर्थकों को बुला लिया। सभी ने कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। सभी ने कर्मचारियों के साथ हाकी, डंडों से मारपीट की। मौके पर पहुंचे नगर निगम कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष संजय, महामंत्री मानवेेंद्र बघेल ने बताया कि उनके चारों कर्मचारियों को चोटें आई हैं।
इस घटना से कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना है। हमने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है। शनिवार को नगर निगम में काम बंद रहेगा। इस घटना के आरोपी शादाब खान ने बताया कि जो भी कर्मियों ने आरोप लगाए हैं वह गलत हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जवाहर भवन में पार्षदों की बैठक थी। वह अपनी पार्षद पत्नी नसरीन के साथ बैठक से वापस लौट रहे थे। रास्ते में पथ प्रकाश विभाग के लोग मिले तो अपने क्षेत्र की भी समस्या रखी। इस पर कर्र्मियों ने पार्षद के साथ अभद्रता कर दी। इसकी तहरीर दे दी गई है।