उत्तर प्रदेश / संयुक्त मोर्चा टीम
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को आगरा में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। इस दौरान शाह ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वोटबैंक के लिए विपक्ष सेना का अपमान कर रहा है। आज का चुनाव भ्रष्टाचार बनाम विकास का है। अमित शाह ने कहा कि देश ऐसा प्रधानमंत्री चाहता है जो आतंकवाद और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दें। सपा-बसपा पर निशाना साधते हुए नारा दिया, गठबंधन की एक ही पहचान, सेना का करे अपमान। उन्होंने कहा कि गठबंधन का कोई नेता नहीं। इनकी सरकार बनी तो रोज नया प्रधानमंत्री होगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक ओर नरेंद्र मोदी देश को सुरक्षित करना चाहते हैं दूसरी ओर विपक्ष आतंकवादियों के पक्ष में वोट बैंक की राजनीति करना चाहता है। एक ओर मोदी विकास करना चाहते हैं तो दूसरी ओर गठबंधन भ्रष्टाचार के लिए जुड़े हैं।
पिछली सरकारों पर हमला
शाह ने कहा कि पुलवामा हमले में 40 जवान शहीद हो गए। लोगों को लगता था कि इस बार कुछ नहीं होगा। पाकिस्तान वाले मोदी को जानते नहीं थे। उन्होंने जमीन पर तो सुरक्षा ठीक की, लेकिन यहां से एयर स्ट्राइक से आतंकियों के ठिकानों को नष्ट कर दिया।
अमित शाह ने कहा कि दुनिया में दो ही देश हुआ करते थे जो अपने जवानों के खून का बदला लिया करते थे अमेरिका और इजराइल। इस सूची में नरेंद्र मोदी ने भारत का नाम दर्ज कराया है।
इस दौरान अमित शाह ने पिछली सरकारों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि 10 साल तक केंद्र में सोनिया और मनमोहन की सरकार रही। 20 साल तक उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा की सरकारें चलीं। इन लोगों ने घपले-घोटालों के अलावा कुछ नहीं किया।
मंच पर मौजूद रहे कठेरिया
आगरा कॉलेज खेल मैदान में आयोजित भाजपा की विजय संकल्प सभा के मंच पर अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी मौजूद रहे। चुनावी सभा में सांसद रामशंकर कठेरिया भी पहुंचे।
बता दें कि मौजूदा सांसद रामशंकर कठेरिया का टिकट काटकर भाजपा ने आगरा से प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल को प्रत्याशी बनाया है। बघेल वर्तमान में यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री है। उनके समर्थन में ही आगरा में विजय संकल्प सभा का आयोजन किया गया।