अलीगढ़।संयुक्त मोर्चा टीम
जाने माने लेखक असगर वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई देख्या…’ के मंचन को लेकर लगाए गए विवादित पोस्टर।
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी एक बार फिर से विवादों में है। यहां रविवार को होने वाले कार्यक्रम को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर में कश्मीर को भारत से अलग दर्शाया गया है, जबकि अरुणाचल प्रदेश को चीन में शामिल दिखाया गया है।
इसके बाद राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शिक्षा निगरानी समिति, भारत सरकार के सदस्य और भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने एडीएम सिटी एवं एएमयू प्रॉक्टर से बातचीत की, जिसके बाद एएमयू प्रशासन हरकत में आया।
ये है पूरा मामला
दरअसल अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में रविवार को जाने माने लेखक असगर वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई देख्या…’ का मंचन किया जाना था। इसे लेकर एएमयू परिसर में विवादित पोस्टर लगाए गए। पोस्टर में भारत का नक्शा के बीच में ‘जिस लाहौर नई देख्या…’ लिखा गया था। साथ ही नक्शे में जम्मू-कश्मीर का कुछ हिस्सा नहीं दिखाई दे रहा है। लोगों ने इसे देशद्रोह से जोड़कर देखा। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। मामला बढ़ता देख अलीगढ़ प्रशासन हरकत में आया और कार्यक्रम को अगली तिथि तक स्थगित कर दिया।
शनिवार को ये मामला राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शिक्षा निगरानी समिति, भारत सरकार के सदस्य और भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह की जानकारी में आया। इसके बाद उन्होंने एडीएम सिटी एवं एएमयू प्रॉक्टर से इस संबंध में बातचीत की। इसके बाद एएमयू प्रशासन ने पोस्टर को हटवा दिया और नाटक के मंचन को स्थगित कर दिया गया है।
इस मामले में डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि किसी भी कार्यक्रम की स्क्रिप्ट पहले यूनिवर्सिटी के प्रशासन को देख लेनी चाहिए। उसके बाद ही अनुमति देनी चाहिए। बार बार विरोधी कार्य एएमयू में ही क्यों होते हैं। पोस्टर में भारत के नक्शे से उसका ताज गायब कर दूसरे देश में दिखा गया है। भुजाएं काटकर दूसरे देश में डाल दिया गया है। यह देशद्रोह का मामला है। उनका कहना है कि वे इसकी शिकायत मानव संसाधन विकास मंत्री से करेंगे।