अयोध्या / संयुक्त मोर्चा टीम
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए अवध प्रांत में 25 हजार बजरंग दल सैनिकों की भर्ती की जाएगी। इन सैनिकों को राम मंदिर निर्माण का संकल्प दिलाते हुए उन्हें त्रिशूल से लैस किया जाएगा।
विश्व हिन्दू परिषद के अवध प्रांत के संगठन मंत्री भोलेन्द्र ने बताया कि त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम गीता जयंती 18 दिसंबर तक चलेगा। बजरंग दल के ये संकल्पबद्ध कार्यकर्ता संतों के आदेश पर किसी भी समय पर मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या कूच कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अवध प्रांत में अब तक 10 हजार बजरंग दल के नए कार्यकर्ता संकल्प और दीक्षा पूर्ण कर चुके हैं। भगवान राम के मंदिर के लिए 25 हजार बजरंग दल सैनिकों की नई भर्ती का लक्ष्य रखा गया है। राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए संकल्प और प्रतिज्ञा का कार्यक्रम अवध प्रांत में 100 स्थानों पर तय हैं। ये कार्यक्रम 18 दिसम्बर तक होंगे। हर जिले में संकल्प और त्रिशूल दीक्षा का कार्यक्रम चल रहा है। यह कार्यक्रम बजरंग दल के पदाधिकारी कर रहे हैं, जिसमें विहिप उनका सहयोग कर रही है। भारत में अस्त्र-शस्त्र प्रशिक्षण की परंपरा रही है। धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए यह कार्यक्रम किया जाता है।
यूपीः राम मंदिर निर्माण के लिए भर्ती किए जाएंगे 25 हजार बजरंग दल सैनिक
150