Home अलीगढ़ गीत-संगीत के साथ नुमाइश का रंगारंग आगाज

गीत-संगीत के साथ नुमाइश का रंगारंग आगाज

by vdarpan
0 comment

संयुक्त मोर्चा टीम। अलीगढ़

138 वर्ष पुरानी राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी रविवार से शुरू हो गई है। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडलायुक्त अजयदीप सिंह, दर्जा प्राप्त मंत्री ठा. रघुराज सिंह व भाजपा राष्ट्रीय सचिव आर पी सिंह ने किया। जेल रोड स्थित मित्तल गेट का फीता काट कर रंग-बिरंगे गुब्बारे व शांति के प्रतीक कबूतरों को आकाश में उड़ाया गया। इसके बाद कृषि एवं विकास भवन के स्टालों का भी अनावरण हुआ। अधिकारियों ने सरकारी विभागों के स्टाल पर प्रदर्शित योजनाओं की सूचनाएं परखीं। उद्योग भवन में जाकर शहर के प्रतिष्ठित व्यापारियों के स्टाल का भी शुभारंभ किया।

कृष्णांजलि सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएम चंद्रभूषण सिंह ने की। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ की प्रदर्शनी की काफी तारीफ सुनी थी। दस महीने की तैनाती के बाद उन्हें इसमें चार चांद लगाने का मौका मिला है। आर्यन डांस एकेडमी की ओर से एडीएम सिटी एसबी सिंह की बेटी अक्षदा ने गणेश वंदना से तालियां बटोरी। श्री गणेशा देवा.. श्री गणेशा संगीत पर प्रस्तुति दे कलाकारों ने सभी का मन मोह लिया।

राष्ट्रीय सचिव आर पी सिंह ने कहा कि 86 के दशक में हम इस आयोजन को नुमाइश के नाम से जानते थे। सरकार, अधिकारियों व प्रशासन ने इसे अलीगढ़ महोत्सव में बदल दिया है। उन्होंने मोदी और योगी सरकार की नीतियों से अवगत कराया। उन्होंने इस आयोजन और उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के लिए अधिकारियों का आभार जताया। रायपुर से आए यासमीन सिंह एंड ग्रुप ने करीब एक घंटे तक कत्थक नृत्य के माध्यम से कृष्णलीला का मंचन किया। इसमें लीला के चार अध्याय प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के बाद अंजना सिंह सेंगर व संगीता सिंह ने यासमीन एंड ग्रुप को स्मृति चिन्ह व आंवला की टोकरी भेंट कर प्रोत्साहित किया।

मंडलायुक्त ने कहा कि अलीगढ़ नुमाइश आसपास के जिलों में भी चर्चित है। उन्होंने सभी अधिकारियों की एकता का परिचय देते हुए कहा कि जहां सबका साथ होता है वहीं सबका विकास होता है। यह प्रदर्शनी भी इतिहास के पन्नों में दर्ज होगी। दर्जा प्राप्त मंत्री ठा. रघुराज सिंह ने कहा कि इस कृषि प्रदर्शनी के माध्यम से देश में एक अच्छा संदेश जाएगा। यह देश तीन लोग चलाते हैं पीएम, सीएम और डीएम। पूर्व की सरकारें जो नहीं कर पाई वो भाजपा ने कर दिखाया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह व आंवले की टोकरी देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीडीओ दिनेश चंद्र ने किया।

धूल के गुबार से परेशान दिखे अधिकारी
राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर रविवार को अधिकारी धूल के गुवार से परेशान रहे। मित्तल गेट का फीता काटने के बाद मंडलायुक्त सहित सभी अतिथि कृषि भवन में लगे स्टालों को देखने गए। भीड़ होने के कारण वहां धूल का गुवार सा उठने लगा। दोपहर में तेज धूप होने से तापमान भी अधिक था। इससे गर्मी के साथ ही धूल का सामना करना पड़ा। इस दौरान अधिकारियों सहित लोग भी हाथ में रुमाल लिए नजर आए।

आंवले की टोकरी रही चर्चा में
प्रदर्शनी के शुभारंभ के दौरान कलाकारों और अतिथियों को दी जाने वाली आंवले की टोकरी पूरे स्थल पर चर्चा का विषय रही। कार्यक्रम के दौरान सीडीओ ने मुख्य अतिथियों सहित कलाकारों को प्रतीक चिन्ह के साथ आंवले की टोकरी भेंट की। बाद में सीडीओ ने मंच के माध्यम से बताया कि यह आंवला जिला उद्योग विभाग के सहयोग से दिया जा रहा है। इसकी खेती विभाग द्वारा ही की गई है।
नुमाइश के शुभारंभ में ये रहे मौजूद
एडीएम सिटी एस बी सिंह, एसएसपी आकाश कुलहरि, एसपी सिटी आशुतोष द्विवेदी, भाजपा नेता डॉ. राजीव अग्रवाल, नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल, एसडीएम कोल जोगिंदर सिंह आदि।

You may also like

कार्यालय

H-49, Sanyukt Morcha Bhawan,
Hardware Market, Aligarh,
U.P.-202001, INDIA

 

ई-मेल:

ed****@***********ha.com

 

वेब-पोर्टल

sanyuktmorcha.com