संयुक्त मोर्चा टीम। अलीगढ़
एएमयू में अध्ययनरत यमन के छात्र पर रोडरेज में शनिवार शाम सरसैयद नगर में बाइक सवार दबंग युवकों ने हमला बोल दिया। इस दौरान उसे बेरहमी से पीटा गया और हमलावर होने पर फायरिंग कर धमकाते हुए भाग गए। पीड़ित छात्र ने घटना के संबंध में प्रॉक्टर कार्यालय के माध्यम से सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई की बात कह रही है।
घटनाक्रम के अनुसार मूल रूप से यमन का रहने वाला अब्दुल रहमान पुत्र मुर्शीद अब्दुल यहां सरसैयद नगर बड़ी मसजिद जहूर अपार्टमेंट में किराये पर रहता है और एएमयू से बीटेक (पेट्रोलियम ट्रेड) अंतिम वर्ष का छात्र है। अब्दुल के अनुसार वाकया शाम करीब साढ़े पांच बजे का है जब वह कैंपस से अपनी बाइक पर सरसैयद नगर की ओर जा रहा था। तभी सिविल लाइंस थाने के बगल में सामने से आते तीन बाइक सवारों से उसकी बाइक टकरा गई।
इस बात पर सड़क पर मुंहवाद हुआ और उस समय युवक गाली गलौज करते हुए चले गए। इसके आधा घंटे बाद करीब छह बजे इन युवकों ने अपने अन्य साथियों की मदद से उसे जहूर अपार्टमेंट के बाहर घेर लिया और पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान बेल्टों व तमंचे की बटों आदि से उसे बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान उसने एक हमलावर युवक को दबोच लिया तो हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी।
इस हमले में वह बाल-बाल बच गया और उसने दबोचे गए हमलावर युवक को छोड़ दिया। इसके बाद भीड़ एकत्रित होने पर हमलावर उसे धमकाते व गालियां देते हुए भाग गए। इस खबर पर उसके अन्य साथी भी आ गए। बाद में खबर एएमयू प्रॉक्टर कार्यालय को दी गई। प्रॉक्टर कार्यालय की संस्तुति पर युवक ने सिविल लाइंस थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस विनोद कुमार के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।