संयुक्त मोर्चा टीम। अलीगढ़
रामलीला मैदान के पास स्थित हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज के दो छात्र गुटों के बीच शनिवार को रंगबाजी को लेकर मारपीट हो गई। इस दौरान जमकर बवाल हुआ। बाहरी लड़कों की दो मोटर साइकिलों को आग के हवाले कर दिया।
हीरालाल इंटर कॉलेज के 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले दो विद्यार्थियों के बीच शुक्रवार को रंगबाजी को लेकर विवाद हो गया था। शनिवार को जयगंज निवासी एक छात्र अपने बाहरी साथियों को सुबह स्कूल लेकर पहुंच गया। वहां उसने गेट पर खड़े जलाली निवासी दूसरे छात्र को पकड़ लिया।
उनके बीच वाद-विवाद हो गया। स्कूल प्रशासन को इस बात की भनक लगी तो उन्होंने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद जयगंज निवासी छात्र कॉलेज की छुट्टी के समय एक बार फिर अपने आधा दर्जन साथियों के साथ गेट पर पहुंच गया। उन्होंने जलाली निवासी छात्र को पकड़कर उसकी पिटाई लगा दी। छात्र को पिटता देख स्कूल के अन्य छात्र उग्र हो गए।
सभी ने एक साथ बाहरियों पर हमला बोल दिया और उन्हें दौड़ाकर पीटा। इस दौरान उनकी दो मोटर साइकिल वहीं खड़ी रह गई। जिन्हें छात्रों ने आग के हवाले कर दिया। इससे क्षेत्र में बवाल जैसी स्थिति पनप गई।
स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर बवाल काटने वाले छात्र भाग खड़े गए। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच बाइकों में लगी आग को बुझाया। प्रधानाचार्य ने बवाल काटने वाले छात्रों के खिलाफ एवं एक बाहरी लड़के के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
हीरालाल कॉलेज के दो छात्रों के बीच झगड़ा हुआ था। बाद में एक छात्र बाहरी लोगों के साथ कॉलेज पहुंचा गया था। स्कूल के गेट पर दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। दो बाइकों को भी आग के हवाले कर दिया कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को चिन्हित कर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। – नीरज सिंह, सीओ द्वितीय