आगरा / संयुक्त मोर्चा टीम
भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव के लिए माहौल बनाने में जुटी हुई है। कमल संदेश बाइक यात्रा के बाद अब पदयात्रा कर भाजपा नेता और कार्यकर्ता घर घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। भाजपा सरकार में हुए विकास का बखान कर रहे हैं।
वृंदावन में भाजपाइयों ने रविवार को कमल संदेश पदयात्रा निकाली। रंगजी मंदिर, पत्थरपुरा होते हुए गोपीनाथ बाजार पहुंची भाजपा की पदयात्रा का स्थानीय लोगों ने रोक लिया। विकास के नाम पर जनता ने हाथ जोड़ लिए और ऐसी बात कही कि भाजपाई शर्मिंदा हो गए।
इलाके में विकास न होने की वजह से लोग गुस्से में थे। स्थानीय निवासी नीरज अग्रवाल, विनोद, भरत, राकेश आदि ने कहा कि भाजपा के लोग चुनावों के समय बड़े बड़े वादे कर चले गए, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
लोगों ने कहा कि पिछले दिनों ऊर्जा मंत्री के सामने विरोध करने के बाद भी निगम क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। बारिश के समय में पानी दुकानों में भर जाता है। वहीं न सड़क का निर्माण हुआ और नालों की कभी सफाई हुई है।
लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों पर भी समस्याओं पर ध्यान न देने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं विकास का बखान करने आए भाजपाइयों के आगे हाथ जोड़कर समस्या का समाधान कराने की मांग की। इससे पदयात्रा में शामिल भाजपाई झेंप गए।
कमल संदेश पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर ने कहा कि भाजपा जनता के विश्वास पर खरी उतरी है। जनता के मन में भाजपा के पक्ष में माहौल है। यात्रा में ब्रज क्षेत्र के उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, नगर अध्यक्ष राजेश पंडित, प्रदीप गोस्वामी आदि शामिल रहे।