नीमच,संयुक्त मोर्चा टीम।14 मई कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाते हुये कहा कि उनकी नीतियों से देश का हर वर्ग परेशान है। कांग्रेस न्याय योजना के माध्यम से देश की वर्तमान स्थितियों में सुधार लायेगी।
श्री गांधी ने मंदसौर-नीमच संसदीय क्षेत्र की कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में आज यहां दशहरा मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुये कहा कि श्री माेदी ने हर भारतीय के खाते में 15 लाख रूपये जमा करवाने, दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने जैसे वादों के सहारे सत्ता हासिल की थी। मोदी सरकार की आर्थिक नीतियां सही नहीं रही, देश का हर वर्ग परेशान है। जन भावनाओं का सम्मान नहीं किया गया।
उन्होंने श्री मोदी को घेरते हुये कहा कि श्री मोदी ने उद्योगपतियों के पांच लाख 55 हज़ार करोड़ रुपये के कर्ज माफ कर दिये हैं। उनके मित्र बैंकों के हजारों करोड़ रुपये लेकर विदेश भाग गये। मित्रों को राफेल सौदे में करोड़ों रूपये का लाभ पहुंचाया गया। देश में बेरोजगारी की समस्या बढ़ती जा रही है। किसान,युवा,व्यापारी और महिलाएँ परेशान है।
श्री गांधी ने कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस अपनी न्याय योजना को लागू करेगी। पांच करोड़ परिवारों को सालाना 72 हजार रुपये दिये जायेंगे। सरकारी विभागों में रिक्त पड़े 22 लाख पदों पर युवाओं को नियुक्ति दे दी जायेगी। दस लाख युवाओं को पंचायतों में रोजगार के अवसर मिलेेंगे। किसानों के लिए अलग से बजट बनाकर उनके हित सुनिश्चित किये जाएंगे।
उन्होंने कहा कि वे जनता से सीखते हैं और उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप ही व्यवहारिक नीतियों का निर्धारण कर ईमानदारी से उन्हें लागू करते हैं। मध्यप्रदेश, राजस्थान और छतीसगढ़ में किसानों की कर्ज माफी का वादा पूरा कर हमने कथनी और करनी की एक रूपता दिखाई है। उन्होंने यहां से श्रीमती नटराजन को विजयी बनाने की अपील भी की है।
मोदी सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान-राहुल
174