नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को उपग्रह प्रक्षेपण की शतकीय पारी के लिए बधाई दी है।
श्री मोदी ने अपने बधाई संदेश में कहा “मैं ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) के जरिए 100 वें उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर इसरो और उसके वैज्ञानिकों को तहे दिल से बधाई देता हूं। नए वर्ष में उसकी इस सफलता से अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश के तीव्र विकास का लाभ किसानों, मछुआरों और अन्य नागरिकों को मिल सकेगा।”
उन्होंने कहा कि इसरो के 100 वें उपग्रह का प्रक्षेपण उसकी शानदार उपलब्धियों और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के उज्ज्वल भविष्य को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भारत की सफलता का लाभ हमारे साझीदारों के लिए भी उपलब्ध है। आज प्रक्षेपित किए गए 31 उपग्रहों में से 28 छह अन्य देशों के थे।’
श्री गांधी ने भी ट्वीट कर इसरो को बधाई देते हुए कहा “इसरो को फिर से इतिहास रचने के लिए बधाई। आपके कठिन परिश्रम तथा समर्पण ने भारत को अंतरिक्ष कार्यक्रम में विशिष्टता प्रदान की है।”
इसरो ने आज पीएसएलवी सी 40 के जरिए 31 उपग्रहों का सफल प्रक्षेपण किया। इन उपग्रहों को सुबह 9 बजकर 28 मिनट पर श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से प्रक्षेपित किया गया। इनमें से 3 स्वदेशी और 28 विदेशी उपग्रह हैं। इन विदेशी उपग्रहों में कनाडा, फिनलैंड, फ्रांस, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन और अमेरिका के उपग्रह शामिल हैं।